राजस्थान। राजस्थान में प्रमोशन का इंतजार कर रहे ग्रेड थर्ड टीचर का इंतजार जल्द पूरा होने वाला है। गुरुवार को राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने इसकी घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने लंबे समय से एक ही पद पर जमे अधिकारियों का ट्रांसफर करने की भी घोषणा की। जयपुर में शिक्षकों की बैठक को संबोधित करते हुए दिलावर ने कहा कि आपकी बहुत सारी मांगे हैं, जो मुझे पता है। आप निश्चित रहें। सबको शीघ्र ही पूरा कर दिया जाएगा। ग्रेड थर्ड के प्रमोशन भी जल्द किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लंबे समय से एक ही पद पर जमे हुए अधिकारियों के ट्रांसफर भी जल्द होने वाले हैं। सरकार आप की सभी की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर रही है। हम आपको निराश नहीं करेंगे।
दरअसल, ग्रेड थर्ड कैटेगरी के टीचर्स के प्रमोशन का मामला पिछले 5 साल से अटका हुआ है। प्रदेशभर में साल 2020 – 21 से टीचर्स की डीपीसी पेंडिंग है। जिसकी वजह से ग्रेड थर्ड कैटेगरी के टीचर्स का प्रमोशन नहीं हो रहा है। बता दें कि पिछले 7 साल से ग्रेड थर्ड टीचर्स के ट्रांसफर नहीं हुए हैं। आखिरी बार साल 2018 में तबादले से बैन हटा था। जिसके बाद प्रदेश के करीब साढ़े तीन लाख थर्ड ग्रेड टीचर्स ट्रांसफर का इंतजार कर रहे हैं।
