बीकानेर
जामसर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन जनों को हिरासत में लिया है। शराब के नशे में हुए विवाद के चलते झगड़ा हुआ था, इस दौरान एक युवक गणेश सिंह की हत्या कर दी गई। जिस दिन गणेश की हत्या हुई, उसी दिन बड़े भाई अमान सिंह की मृत्यु को बारह दिन हुए थे।
पुलिस के अनुसार अमान सिंह के बारहवें दिन शोक खत्म करने की प्रक्रिया चल रही थी। इस दौरान सोमवार की शाम परिवार के कुछ लोगों ने शराब पी। शराब के नशे में गणेश सिंह का विवाद हो गया। दो पक्ष आमने-सामने हो गए। इसी दौरान गणेश सिंह की गर्दन मरोड़ दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद हमला करने वाले वहां से एक वाहन में सवार होकर भाग गए।
बारह दिन में दो मौत
कालासर गांव के पन्ने सिंह के दो बेटों की बारह दिनों में मौत हो गई। पहले पन्ने सिंह के बड़े बेटे की नहर में डूबने से मौत हुई थी। उसकी मौत के कारणों पर गणेश सिंह पिछले कई दिनों से छानबीन कर रहा था। बारहवें दिन भी इसी विषय पर बहस हुई। इस दौरान झगड़े में गणेश सिंह की भी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई नहीं
एडिशनल एसपी प्यारे लाल शिवरान के अनुसार इस मामले में तीन जनों को हिरासत में लिया हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही गिरफ्तारी होगी। मौत का कारण अब अधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं है।
